Tuesday, July 28, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याफर्जी मान्यता के आरोप में नर्सिंग कॉलेज घिरा, छात्राओं ने दर्ज कराई...

फर्जी मान्यता के आरोप में नर्सिंग कॉलेज घिरा, छात्राओं ने दर्ज कराई शिकायत; दो साल का भविष्य दांव पर लगाने का आरोप


अयोध्या। अयोध्या और अम्बेडकरनगर की कई छात्राओं ने गंगौली स्थित शम्भूनाथ तिवारी नर्सिंग कॉलेज के संचालक एवं प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज ने स्वयं को मान्यता प्राप्त संस्थान बताकर उन्हें नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाया, जबकि बाद में पता चला कि संस्थान के पास नर्सिंग प्रशिक्षण संचालित करने की वैध मान्यता ही नहीं थी।

पीड़ित छात्राओं के अनुसार, उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक सत्रों में कॉलेज में प्रवेश लेकर दो वर्ष का प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण समाप्त होने पर कॉलेज की ओर से अब्दुल कलाम ग्रुप ऑफ एजुकेशन के नाम से प्रमाणपत्र भी जारी किए गए। छात्राओं का कहना है कि उन्हें विश्वास था कि इन प्रमाणपत्रों के आधार पर वे सरकारी भर्ती में आवेदन कर सकेंगी।

छात्राओं ने बताया कि वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निकाली गई एनएमएम भर्ती के लिए उन्होंने आवेदन किया और फरवरी 2024 में आयोजित परीक्षा देने के बाद दस्तावेज सत्यापन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि शम्भूनाथ तिवारी नर्सिंग कॉलेज किसी मान्यता प्राप्त संस्था से संबद्ध नहीं है तथा उसके पास नर्सिंग प्रशिक्षण संचालित करने का अधिकृत लाइसेंस भी नहीं है। इसके चलते उनके प्रमाणपत्र अमान्य घोषित कर दिए गए और वे भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गईं।

शिकायत में छात्राओं ने आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रबंधन ने प्रवेश, प्रशिक्षण, प्रैक्टिकल और अन्य मदों के नाम पर प्रत्येक छात्रा से लगभग ₹1 लाख की धनराशि वसूली की गई। उनका कहना है कि इस कथित फर्जीवाड़े के कारण केवल उनका आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि दो वर्ष का शैक्षणिक समय भी व्यर्थ चला गया और उनके करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

पीड़ित छात्राओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर शम्भूनाथ तिवारी नर्सिंग कॉलेज के संचालक, निदेशक तथा अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments