जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भूलापुर नगपुर गांव से दो बच्चों की मां के अपने कथित प्रेमी के साथ फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया था। 7 जुलाई की शाम करीब सात बजे जब वह वापस घर पहुंचा तो मकान में ताला बंद मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसे घर के बाहर रखी चाबी मिली। ताला खोलकर अंदर जाने पर उसने देखा कि घर में रखी अटैची और बैग समेत अन्य सामान गायब था।
पीड़ित के अनुसार खोजबीन करने पर जानकारी मिली कि उसकी पत्नी घर में रखे जेवर, कपड़े तथा अन्य सामान लेकर गांव निवासी विवेक पुत्र दयाराम के साथ चली गई है। उसने आरोप लगाया कि विवेक सिलाई का कार्य करता है और वह उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। साथ ही दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गया है।
पीड़ित ने बताया कि पत्नी और आरोपी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले। उसने आशंका जताई है कि पत्नी और बच्चों के साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है।
तहरीर के आधार पर जलालपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।