अम्बेडकर नगर। अहिरौली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भीटी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को बाला पैकौली पुल पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोसाईगंज की ओर से पैदल आ रहे एक युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश पुत्र झिनकान उर्फ हृदयराम, निवासी आत्माराम का पूरा, मजरा खरगपुर, थाना अहिरौली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि आरोपी अयोध्या के तारुन थाने में दर्ज गोकशी के एक मामले में वांछित चल रहा था। बरामदगी के आधार पर अहिरौली थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम एवं शस्त्र अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं।