Friday, July 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरशिकायत के बाद भी नहीं बदले हालात, दो गांवों का संपर्क मार्ग...

शिकायत के बाद भी नहीं बदले हालात, दो गांवों का संपर्क मार्ग अब भी बाधित


अम्बेडकर नगर। कटेहरी विकासखंड के मंशापुर और हमजापुर गांव को जोड़ने वाले एकमात्र संपर्क मार्ग को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने का आरोप है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और मार्ग को तत्काल बहाल कराने की मांग की है।

मंशापुर निवासी उमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय अच्छेलाल का आरोप है कि जीत बहादुर पुत्र बुधिराम, गोविंद पुत्र रघुबर, सचिन पुत्र गुन्नू, श्रवण पुत्र गोविंद, गुन्नू पुत्र झिनकू तथा मनोरम पुत्र मसरू ने पुलिया और खड़ंजा उखाड़कर संपर्क मार्ग को क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने कहा जो करना है कर लो।

पीड़ित के अनुसार, उसने पहले महरुआ थाने में शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के दो दिन बाद भी न तो मार्ग को दुरुस्त कराया गया है और न ही आरोपियों के विरुद्ध किसी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यही मार्ग मंशापुर और हमजापुर सहित आसपास के लोगों के लिए आवागमन का एकमात्र साधन है। रास्ता क्षतिग्रस्त होने से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और अन्य ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में महरुआ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मार्ग बहाल नहीं होता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनकी परेशानी बनी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments