जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के निमटनी गांव में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है और फांसी लगाने की कोई सूचना उन्हें नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार, निमटनी गांव निवासी गोविंद (21) सोमवार रात घर की छत पर बने टीनशेड के कमरे में सोने गया था। सुबह काफी देर तक नीचे न आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे। परिजनों के अनुसार, युवक कमरे के अंदर रस्सी के सहारे लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर एक निजी चिकित्सक को बुलाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। इस कारण मौत के वास्तविक कारण को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में कटका थाना प्रभारी अक्षय पटेल ने बताया कि उन्हें फांसी लगाने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उनके अनुसार युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।