◆ पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ पर लगातार हमलावर रहे थे महर्षि राम द्विवेदी, वायरल कार्यालय-ज्ञाप में पार्टी नेताओं पर अशोभनीय टिप्पणी का आरोप
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महर्षि राम द्विवेदी ‘राम दूबे’ को पार्टी से निष्कासित किए जाने का दावा करने वाला एक पत्र शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसके अनुसार महर्षि राम द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के नेताओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियां कीं, जिसके चलते उन्हें पदमुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित किया गया है। पत्र पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह के हस्ताक्षर दिखाई दे रहे हैं। पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव, अयोध्या के जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष तथा संबंधित पदाधिकारी को भेजे जाने का भी उल्लेख है।
महर्षि राम द्विवेदी पिछले कुछ दिनों से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ को लेकर दिए गए बयानों के कारण लगातार चर्चा में थे। सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी सुर्खियों में रही।