जलालपुर, अंबेडकरनगर। लकवा ग्रस्त दादी की दवा लेने जा रहे किशोर की ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मालीपुर-जलालपुर मार्ग पर ताहापुर गांव के पास रविवार सुबह यह हादसा हुआ। थाना क्षेत्र के कुलहियापट्टी गांव निवासी अनिल कुमार राजभर का 16 वर्षीय पुत्र मयंक राजभर बाइक से बीबीपुर भुसौली गांव दवा लेने जा रहा था। बताया गया कि आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली अचानक मुड़ गई, जिससे मयंक उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी, लेकिन रविवार होने के कारण जांच नहीं हो सकी।
इसके बाद परिजन उसे पूर्वांचल मेडिसिटी ले गए, जहां अल्ट्रासाउंड तो हुआ, लेकिन हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने सीटी स्कैन करने से मना कर दिया। बाद में परिजन उसे अकबरपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मयंक इंटरमीडिएट का छात्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा।
थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।