अयोध्या। कर्नाटक कांग्रेस के विधायक टी.बी. जयचंद्र अपने 13-14 साथी विधायकों के साथ भगवान रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में टी.बी. जयचंद्र ने कहा कि यह उनके जीवन का पहला अवसर है जब वह अयोध्या आए हैं और भगवान राम का आशीर्वाद लेने की लंबे समय से इच्छा थी, जो अब पूरी हुई।उन्होंने बताया कि कर्नाटक से बड़ी संख्या में विधायक यहां पहुंचे हैं। जयचंद्र ने रामलला की मूर्ति को लेकर भी गर्व व्यक्त किया और कहा कि यह प्रतिमा कर्नाटक के मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई है, जिससे उनका अयोध्या से विशेष जुड़ाव महसूस होता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दर्शन के बाद सभी विधायक दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे संसद सत्र में शामिल होने के लिए जाएंगे।