अयोध्या । नगर निगम की पहल पर शहर में 1.82 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक हाईटेक नर्सरी स्थापित की जाएगी। कुशमाहा क्षेत्र में प्रस्तावित यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ–साथ शहर के सौंदर्यीकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नर्सरी में पॉलिहाउस व आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसमें स्वचालित सिंचाई, तापमान नियंत्रण, आर्द्रता प्रबंधन और उन्नत बीज प्रसंस्करण इकाइयों की व्यवस्था होगी, जिससे उच्च गुणवत्ता, रोग प्रतिरोधी और तेजी से बढ़ने वाले पौधे तैयार किए जाएंगे। यहां देसी व विदेशी प्रजातियों के फल, फूल, सजावटी, औषधीय तथा छायादार पौधों का उत्पादन किया जाएगा।
परियोजना को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने की भी योजना है। नर्सरी परिसर में लैंडस्केपिंग, वॉकवे, साइनेज और बैठने की व्यवस्था विकसित कर इसे इको–पार्क के रूप में तैयार किया जाएगा, जहां पर्यावरण जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। किसानों और बागवानों को यहां से उन्नत पौधे आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही पौधों की बिक्री से नगर निगम की आय भी बढ़ेगी।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेक नर्सरी न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी और युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता की ओर प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना में पर्यावरण मित्र तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिसमें सोलर ऊर्जा और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।