Thursday, September 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरखड़ी गेहूं की फसल में लगी आग, 12 बीघा जलकर राख; आधा...

खड़ी गेहूं की फसल में लगी आग, 12 बीघा जलकर राख; आधा दर्जन किसान प्रभावित


जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर तुलसीपुर गांव में रविवार दोपहर अचानक लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। करीब एक बजे गेहूं की खड़ी फसल में भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आधा दर्जन से अधिक किसानों की लगभग 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मायूसी का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर के समय खेतों की ओर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेज लपटों ने फसल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ों की टहनियों के सहारे आग बुझाने में जुट गए, लेकिन पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई।

हालात बिगड़ते देख कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर खेतों की जुताई करने लगे, ताकि आग को आगे बढ़ने से रोका जा सके। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आग बुझाने के दौरान कई ग्रामीणों के हाथ-पैर भी झुलस गए।

इस अग्निकांड में चंद्रभूषण सिंह की दो बीघा, आशुतोष सिंह की ढाई बीघा, धर्मेंद्र सिंह की ढाई बीघा, महेंद्र प्रताप की एक बीघा, हरेंद्र प्रताप की एक बीघा, रविंद्र सिंह की एक बीघा, ओंकार राजभर की एक बीघा, विनोद की एक बीघा तथा जयप्रकाश की पांच विस्वा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।

आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी ने बीड़ी या सिगरेट पीकर फेंक दी होगी, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वहीं हल्का लेखपाल रोहित कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और प्रभावित किसानों को शासन की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल, इस घटना से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments