Thursday, April 16, 2026
HomeUncategorized736 करोड़ का बजट पारित, नगर निगम सदन में नई कार्यकारिणी का...

736 करोड़ का बजट पारित, नगर निगम सदन में नई कार्यकारिणी का गठन


अयोध्या। नगर निगम अयोध्या के बोर्ड की बैठक रविवार को मंडलायुक्त परिसर स्थित गांधी सभागार में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 736 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की शुरुआत कार्यकारिणी के पुनर्गठन से हुई, जिसमें छह नए सदस्यों को शामिल किया गया और संतोष सिंह को उपसभापति निर्वाचित किया गया। उन्होंने राजेश गौड़ का स्थान लिया।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भाजपा से संतोष सिंह, रामशंकर निषाद, गायत्री देवी और मनीषा यादव के नाम प्रस्तावित किए गए, जबकि निर्दलीय से विकास कुमार और आभा पांडेय को शामिल किया गया। सभी नामों को सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। साथ ही अनुज दास को सचेतक तथा अनूप कुमार और दीप कुमार को उप सचेतक चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सदन में स्वागत किया गया।

इसके बाद सदन में बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। बजट में 735 करोड़ 66 लाख 35 हजार रुपये का प्रस्ताव रखा गया, जबकि प्रारंभिक अवशेष 121 करोड़ 55 लाख 63 हजार रुपये सहित कुल अनुमानित आय 798 करोड़ 81 लाख 98 हजार रुपये आंकी गई। पार्षद अनुज दास द्वारा बजट पारित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसका समर्थन नेता विपक्ष विशाल पाल समेत सभी सदस्यों ने किया।

बैठक में विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पूर्व सभापति जयनारायण सिंह रिंकू ने कल्याण मंडपम का नाम अमर शहीद कैप्टन शशांक तिवारी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन की सहमति मिली। साथ ही शहीद राजकुमार यादव के नाम पर भी स्मारक के नामकरण की बात उठी।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पार्षद विनय जायसवाल ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था पर सवाल उठाए, जिसका कई पार्षदों ने समर्थन किया। बैठक में पार्षद निधि निर्धारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।

बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीशम, उपसभापति राजेश गौड़, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, मुख्य अभियंता सिविल पुनीत ओझा, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल सहित नेता सदन बृजेंद्र सिंह, नेता विपक्ष विशाल पाल, रामभवन यादव, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, अनिल सिंह, चंदन सिंह, सुमन, मनीषा यादव, गरिमा मौर्य, अर्चना, अभिनव पांडे, अखिलेश पांडे, राशिद सलीम, मुकेश कुमार सहित अनेक पार्षद मौजूद रहे। संचालन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments