अम्बेडकरनगर। मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से प्रतीक्षित 20 केएल क्षमता वाले लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल सोमवार को शुरू हो गया। प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव के निर्देशन में डॉ. संजय कुमार सिंह ने इसका शुभारंभ कराया। इस पहल को अस्पताल में ऑक्सीजन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि संस्थान में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के चालू होने से मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सकेगा। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था और अब ट्रायल शुरू होना संतोषजनक उपलब्धि है।
डॉ. संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 20 केएल क्षमता वाला यह प्लांट मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को सुचारु बनाएगा। इससे गंभीर और आपातकालीन मरीजों के इलाज में सुविधा मिलेगी, साथ ही बाहरी आपूर्ति पर निर्भरता भी कम होगी।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, प्लांट पूरी तरह चालू होने के बाद आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर समेत अन्य जरूरी विभागों में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
ट्रायल के दौरान तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और संचालन व्यवस्था की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि प्लांट को जल्द ही पूर्ण रूप से चालू किया जा सके। प्रशासन ने इसे मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।