जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भरौली में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर झाड़ियों के बीच एक नवजात का भ्रूण मिलने की सूचना फैली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों में पड़े भ्रूण पर पड़ी। यह दृश्य देख वे सन्न रह गए और तत्काल अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
ग्रामीणों के बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकलाज के भय से किसी महिला ने इस शर्मनाक कृत्य को अंजाम दिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।