अम्बेडकरनगर। विकासखंड कटेहरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तिवारीपुर की कक्षा आठ की छात्रा आराध्या वर्मा ने प्रगति-2026 स्वमूल्यांकन परीक्षा में मंडल स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है।
आराध्या, रविन्द्र वर्मा की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बीच नियमित अध्ययन, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। शिक्षकों के अनुसार वह अनुशासित, जिज्ञासु और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा हैं। कक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी उन्हें अन्य छात्राओं से अलग पहचान दिलाती है।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में वार्डेन रेनू सिंह ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और सकारात्मक वातावरण का परिणाम है।
आराध्या की उपलब्धि के बाद अन्य छात्राओं में भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ा है। विद्यालय प्रशासन ने भरोसा जताया कि भविष्य में भी यहां की छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।