जलालपुर, अम्बेडकर नगर। शुक्रवार की देर रात मालीपुर चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कटका थाना क्षेत्र के रफीगंज निवासी संजय गुप्ता 28 वर्ष अपनी पत्नी का इलाज कराकर बनारस से वापस लौट रहे थे। दोनों मालीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से बाइक द्वारा अपने घर की ओर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे मालीपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को नगपुर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर संजय गुप्ता को लखनऊ रेफर कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जलालपुर नगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मालीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।