अयोध्या। राजर्षि दशरथ स्वायत्तशासी राज्य मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है। कॉलेज के पुराने भवन को एक अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक हब में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने एक निजी कंपनी के साथ करार किया है।
योजना के अनुसार पुराने भवन के भूतल पर रेडियोलॉजी यूनिट स्थापित होगी, जिसमें अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे सहित कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांचें की जा सकेंगी। प्रथम तल पर अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित होगा, जहां सभी प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें उपलब्ध होंगी। इस हब के शुरू होने से जिले और आसपास के मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था से मरीजों को एक ही छत के नीचे तमाम सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां स्वच्छ वातावरण, डिजिटल रिकॉर्ड सिस्टम और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही 110 बेड वाला ट्रामा सेंटर भी लगभग तैयार है। 33 करोड़ की लागत से निर्मित यह भवन पूरी तरह वातानुकूलित होगा। इसमें रिसेप्शन से लेकर वार्ड तक सेंट्रल एसी की व्यवस्था रहेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सत्यजीत वर्मा ने बताया कि डायग्नोस्टिक हब के लिए शासन से स्वीकृति मांगी गई है। निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का काम अंतिम चरण में है और जल्द मरीजों के लिए शुरू किया जाएगा।