अंबेडकरनगर। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई बुधवार को जनपद के सभी प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक साथ की गई।
इस दौरान थाना प्रभारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की गई तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की भी कड़ी निगरानी की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण बनाना है, जिससे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से जनता ने भी राहत की सांस ली।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की समस्या या सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कारगर कदम है, बल्कि आपसी सौहार्द व विश्वास के वातावरण को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।