अकबरपुर,अंबेडकर नगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के मनसापुर गांव निवासी मोहम्मद हनीफ ने मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। प्रार्थी ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने हाल ही में गांव के ही सत्यनारायण सिंह से डेढ़ बिस्सा जमीन बैनामा कराई है, जिस पर उनका वैध कब्जा भी है।
हनीफ का आरोप है कि वह अपनी भूमि पर टिनशेड रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन गांव के ही यतुल्लाह और रईस अहमद एक राय होकर उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं और टिनशेड रखने में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। विरोध करने पर उक्त लोग उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
प्रार्थी ने यह भी बताया कि विपक्षीगण गांव के तालाब की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए हैं और वहां निर्माण कार्य भी कर रहे हैं। हनीफ ने डीएम से उक्त अतिक्रमण हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।