Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजमीनी विवाद में मारपीट मां-बेटे की जान गई,  दो घायल, गांव में...

जमीनी विवाद में मारपीट मां-बेटे की जान गई,  दो घायल, गांव में तनाव


अमानीगंज/अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के महुआ पूरे फौजदार गांव में गुरुवार रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रात करीब 10 बजे हुए इस हमले में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मृतकों की पहचान प्रेम कुमार (22) और उनकी मां कुंता देवी (55) के रूप में हुई है। प्रेम का छोटा भाई दीनानाथ (18) और भाभी अनीता (28) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।



बताया जा रहा है कि प्रेम कुमार का गांव के ही सोनू नामक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला अमानीगंज तहसील में न्यायालय में विचाराधीन भी है। गुरुवार को पड़ोसी गांव अंडूतारा में एक तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान प्रेम के भाई कालू का विपक्षी पक्ष से झगड़ा हुआ। गांव लौटने पर कहासुनी फिर तेज हो गई।

इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे छह से अधिक लोगों ने प्रेम पर लोहे की सरिया और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। उसे बचाने आए परिवार के बाकी सदस्यों पर भी हमलावरों ने बेरहमी से वार किए। गंभीर रूप से घायल कुंता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रेम को पहले दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह के अनुसार कुंता का पोस्टमार्टम अयोध्या में जबकि प्रेम का लखनऊ में कराया जा रहा है। घटना के बाद से गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एसपी देहात बलवंत कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की भाभी की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें से सात को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है, लोग डरे-सहमे हैं और प्रशासन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। पोस्टमार्टम हाउस पहुचें मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान ने परिजनों से मुलाकात कर कार्यवाही का भरोसा दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments