अम्बेडकर नगर। नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी की देखरेख में जिला विकास अधिकारी की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
योजना के लिए कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें सात आवेदन अपूर्ण पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए। इसके बाद 154 पात्र आवेदकों के बीच ई-लॉटरी कराई गई, जिसमें 14 महिला और 14 पुरुष सहित कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को प्रदेश के बाहर से भारतीय नस्ल की हरियाणा, साहिवाल या गिर प्रजाति की दो गायें खरीदनी होंगी। दोनों गायों का बीमा कराने और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के बाद विभागीय पशु चिकित्सा अधिकारी तथा डेयरी विभाग के अधिकारी सत्यापन करेंगे। सत्यापन के उपरांत सरकार की ओर से प्रति गाय 40 हजार, यानी दो गायों पर अधिकतम 80 हजार का अनुदान दिया जाएगा।
ई-लॉटरी की पूरी प्रक्रिया जनपदीय एग्जीक्यूटिव कमेटी एवं आवेदकों की मौजूदगी में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।