◆ इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार में मचा कोहराम
अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिड़हर घाट पर मंगलवार सुबह घाघरा नदी में डूबने से 17 वर्षीय छात्र प्रभात गिरि लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। छात्र की तलाश में नदी में सघन अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, देर तक चले तलाशी अभियान के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार कटका थाना क्षेत्र के पिंडोरिया गांव निवासी प्रदीप गिरि का पुत्र प्रभात मंगलवार सुबह करीब 6:40 बजे मोटरसाइकिल से बिड़हर घाट पहुंचा था। बताया जाता है कि पुल के पिलर संख्या आठ के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल की चाबी और मोबाइल फोन वहां मौजूद एक मूक-बधिर व्यक्ति को सौंप दिया। इसके बाद वह अचानक घाघरा नदी में कूद गया। घटना से घबराए मूक-बधिर व्यक्ति ने इशारों के माध्यम से पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बिड़हर घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों के साथ परिजनों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण भी घाट पर पहुंच गए।
प्रभात बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और पढ़ाई में होनहार बताया जा रहा है। वह दो बहनों के बीच परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे के नदी में लापता होने की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। घाट पर मौजूद परिजन और ग्रामीण छात्र की तलाश तेज कर उसे जल्द बरामद करने की मांग कर रहे हैं।