Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अयोध्या में जुटेंगी 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सीएम योगी करेंगे सम्मान

अयोध्या में जुटेंगी 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सीएम योगी करेंगे सम्मान

0

अयोध्या अयोध्या में मंगलवार को राज्यस्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित होगा। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में अयोध्या मंडल की करीब 12 से 15 हजार कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के शामिल होने की संभावना है। समारोह का प्रदेश के सभी जिलों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के सम्मान के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभागीय मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। राशन वितरण से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। प्रदेश के सभी जिलों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि मुख्य समारोह मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अयोध्या में होगा।


करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:50 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह में शामिल होने के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम करीब चार बजे तक जीआईसी मैदान में रहने के बाद हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। शाम करीब पांच बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।


सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद


मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अयोध्या कैंट से लेकर अयोध्या धाम तक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और यातायात से जुड़े इंतजाम पूरे कर लिए हैं।

सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह की निगरानी में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जीआईसी मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के सेवा और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version