Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या प्रतिमा के रूप में साकार होगा शिवाजी का शौर्य, स्वाभिमान और स्वराज...

प्रतिमा के रूप में साकार होगा शिवाजी का शौर्य, स्वाभिमान और स्वराज का गौरव

0

◆ डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा की पहल पर महबूबगंज में होगी स्थापना, आयोजन से विधानसभा के सभी 475 बूथों और ग्राम सभाओं को जोड़ने की तैयारी


अयोध्या। स्वराज, साहस, सुशासन और राष्ट्रसम्मान के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के महबूबगंज बाजार स्थित साई बाबा कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। भाजपा नेता डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा की पहल पर होने वाले इस आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है। 27 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम का संयोजन डा. मंगला वर्मा द्वारा किया जा रहा है।



सिविल लाइन का एक होटल सभागार मे आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण कुशल कारीगरों द्वारा पूरा किया जा चुका है। जमीन से इसकी कुल ऊंचाई लगभग 17 फीट होगी, जिसमें 11 फीट की प्रतिमा और शेष आधार शामिल होगा। पॉलीमर सामग्री से निर्मित प्रतिमा की आयु लगभग 100 वर्ष बताई गई है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान, कुशल नेतृत्व और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए स्वराज की स्थापना की और अपनी प्रशासनिक क्षमता, रणनीतिक कौशल तथा संगठित सैन्य व्यवस्था से एक सशक्त शासन की नींव रखी। उनका जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदृष्टि और जनसहभागिता के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। नई पीढ़ी को उनके चरित्र, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सामूहिकता का स्वरूप देने के लिए गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी 475 बूथों और प्रत्येक ग्राम सभा से अक्षत एकत्र करने की योजना है। आयोजन समिति से जुड़े लोग गांव-गांव पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करेंगे। इस पहल के माध्यम से प्रतिमा स्थापना को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से तैयारियां की जा रही हैं। प्रतिमा के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है।
प्रेस वार्ता में अनोखेलाल, बीरबली वर्मा, अनिल कुमार, संदीप मौर्या, दीपक कुमार जायसवाल, विनोद कुमार वर्मा, राम उदित, बिमल वर्मा, दीपू वर्मा, बब्लू सिंह, लल्लू निषाद, अनुराग विश्वकर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version