जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर परुइया आश्रम के पास हुई घटना, पुलिस पिकअप की तलाश में जुटी
जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर रविवार की देर रात परुइया आश्रम के पास ड्यूटी कर रहे होमगार्ड और सिपाही पर पशु तस्करों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में होमगार्ड महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साथ में तैनात सिपाही बाल-बाल बच गया। घायल होमगार्ड को पुलिस ने तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि रविवार रात करीब 1:30 बजे जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर सिपाही नगेंद्र और होमगार्ड महेंद्र निवासी जौकाबाद ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तेज गति से एक पिकअप वाहन वहां से गुजरा, जिसमें मवेशी लदे हुए थे। वाहन को रोकने के लिए सिपाही ने होमगार्ड को इशारा किया। होमगार्ड जैसे ही अपनी कुर्सी से उठकर पिकअप की ओर बढ़ा, तभी वाहन में सवार पशु तस्करों ने उस पर ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया।
अचानक हुए हमले में होमगार्ड महेंद्र के दाहिने पैर में गंभीर चोट लग गई और बताया गया कि उसका पैर टूट गया। पथराव के दौरान सिपाही नगेंद्र भी मौके पर मौजूद था, लेकिन वह हमले की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि कोई ईंट-पत्थर होमगार्ड के सिर पर नहीं लगा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद सिपाही नगेंद्र ने तत्काल जलालपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जलालपुर-मालीपुर मार्ग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप सवार पशु तस्कर वाहन समेत मौके से फरार हो गए।
कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि घायल होमगार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है।