Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शादी में न्योता न मिलने से नाराज युवक ने किशोरी से की...

शादी में न्योता न मिलने से नाराज युवक ने किशोरी से की अभद्रता, पथराव में युवक घायल, आरोपी जेल भेजा गया

0
9
ayodhya samachar

जलालपुर अंबेडकरनगर। शादी में निमंत्रण न मिलने से नाराज युवक द्वारा किशोरी से अभद्रता करने और विरोध करने पर ईंट-पत्थर चलाने का मामला सामने आया है। पथराव में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कटका थाना क्षेत्र के चितईपट्टी गांव दमउवा निवासी प्रहलाद पुत्र रिंकू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री ज्योति का विवाह 24 मई को हुआ था। गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र स्वर्गीय रंजीत को उसके खराब व्यवहार के कारण शादी में निमंत्रण नहीं दिया गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर वह कई दिनों से बुलेट मोटरसाइकिल से उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करता था।
पीड़ित के अनुसार, 18 जून की रात करीब 10 बजे परिवार की एक किशोरी शौच के लिए खेत जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में सुरेंद्र ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद सुरेंद्र अपने घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर छत पर चढ़ गया। वहां से उसने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव के दौरान घर आए रिश्तेदार विवेक के सिर में ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बाद में आरोपी सुरेंद्र कुमार को न्यायालय में पेश किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने पक्षकारों और गवाहों के बयान सुनने के बाद आरोपित को जेल भेजने का आदेश दिया। कटका थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित को उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here