अयोध्या। “किसी भी शहर का भविष्य उसके युवाओं की सोच, संवेदनशीलता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करता है। यदि युवा केवल समस्याओं की चर्चा न कर उनके समाधान का हिस्सा बनें, तो अयोध्या देश के लिए विकास और जनभागीदारी का आदर्श मॉडल बन सकती है।“ यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के संस्थापक हर्ष वर्धन सिंह ने झुनझुनवाला पीजी कॉलेज में आयोजित “युवा बैठकी” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
छात्र विकास समूह (स्टूडेंट डेवलपमेंट ग्रुप) एवं रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे अपने विचार खुलकर व्यक्त कर सकें और अयोध्या के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर चर्चा कर उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकें।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सहभागिता तथा विकसित अयोध्या के निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शहर के समग्र विकास के लिए कई रचनात्मक सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के साथ मिलकर विभिन्न जनहित परियोजनाओं में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि “युवा बैठकी” केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं के सुझावों को जनभागीदारी आधारित अभियानों और समाजोपयोगी कार्यों में बदलने का सतत माध्यम बनेगी। फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे संवाद नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की।