अंबेडकर नगर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में सात अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा ने जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, मुख्य मंच, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करें। डीआईजी सोमेन वर्मा ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधीक्षण अभियंता विद्युत को विद्युत सुरक्षा संबंधी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।