जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गुलरहा चकोरा गांव में पड़ोसियों द्वारा की गई पिटाई में घायल हुए 45 वर्षीय प्रेमचंद की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेमचंद ने घटना के बाद जलालपुर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दो दिसंबर की शाम करीब चार बजे रास्ते में रेखा, शर्मिला और भक्तिन ने उसे देखते ही अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर लात-घूंसों और चप्पलों से हमला किया। आरोप यह भी था कि पेट में गंभीर चोट पहुँचने के कारण उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि शुक्रवार सुबह प्रेमचंद की हालत गंभीर होने पर घर पर ही मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, प्रेमचंद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पुत्री की शादी 24 फरवरी को तय थी और इसी दिन बारात आने वाली थी, लेकिन पिता की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शादी में किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। पुलिस प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग करते हुए धूमधाम से विवाह कराया जाएगा। गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।