Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रसोइयों को योगी सरकार की सौगात, मानदेय ₹3000 और यूनिफॉर्म की राशि...

रसोइयों को योगी सरकार की सौगात, मानदेय ₹3000 और यूनिफॉर्म की राशि ₹1000 हुई

0

अयोध्या। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन रविवार को सर्किट हाउस में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि अयोध्या के 1,918 विद्यालयों में 4,711 रसोइये पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया है। वहीं यूनिफॉर्म के लिए दी जाने वाली राशि भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई है।

इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के तहत दुर्घटना अथवा आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल ₹2 लाख की सहायता और प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि रसोइयों के हित में लिए गए निर्णय उनके कार्य के महत्व को दर्शाते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि रसोइये बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि रसोइये विद्यालयों में बच्चों के भोजन और स्वास्थ्य का उसी तरह ध्यान रखती हैं, जैसे मां अपने बच्चों का रखती है। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों को प्रतिदिन गर्म, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों का योगदान महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में अतिथियों ने रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक और कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए। संचालन एसआरजी डॉ. अम्बिकेश त्रिपाठी ने किया। अंत में बीएसए लाल चंद्र ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार जताया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version