Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का पूजन, 221 परिवारों ने की सहभागिता

सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का पूजन, 221 परिवारों ने की सहभागिता

0

सवेरा परिवार के 14वें वार्षिक पार्थिव पूजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था


अयोध्या। सावन माह के अवसर पर सवेरा परिवार की ओर से 14वें वर्ष आयोजित पार्थिव पूजन कार्यक्रम में मंगलवार को रॉयल हेरिटेज परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। 21 आचार्यों के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में 221 परिवारों ने सहभागिता करते हुए सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण एवं पूजन किया।

कार्यक्रम में आचार्य शिवेंद्र ने शिव पुराण का उल्लेख करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए पार्थिव पूजन को सर्वोत्तम साधना माना गया है। उन्होंने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना के लिए किसी विशेष मुहूर्त की आवश्यकता नहीं होती, फिर भी मंगलवार का यह अवसर विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि पार्थिव पूजन की इस प्राचीन विधा से अधिक से अधिक लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से सवेरा परिवार समय-समय पर अन्य जिलों और राज्यों में भी ऐसे आयोजन करता है।

आयोजकों ने बताया कि संस्था धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में लगभग 50 पौधों का ट्री-गार्ड सहित रोपण किया गया है तथा भविष्य में नक्षत्रों के आधार पर वृक्षारोपण अभियान भी जारी रहेगा।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, जगदंबा सिंह, डॉ. चक्रवर्ती सिंह, गोपाल कृष्ण मिश्रा, राजीव त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version