जलालपुर, अंबेडकर नगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सम्मनपुर क्षेत्र में पुलिस की ओर से बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
सम्मेलन के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बेटियों को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। 112, 1090, 181, 1098 और 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों के उपयोग और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के बारे में बताया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बिना झिझक पुलिस की मदद लें।
इस दौरान महिलाओं को पंपलेट वितरित कर बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना सम्मनपुर के उपनिरीक्षक आशीष यादव, कांस्टेबल सतीश यादव, महिला कांस्टेबल अंजू मिश्रा और महिला कांस्टेबल दीक्षा शाक्य ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए महिलाओं को जागरूक किया।