जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के भदोई गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला को उसके बच्चों समेत मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और दो ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ महिला उत्पीड़न, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भदोई गांव निवासी अनीता की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व पवन कुमार से हुई थी। दंपती के एक बेटा ऋषि और बेटी गौरी हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास कलावती और ननद मीरा व हीरा उसे प्रताड़ित करते थे और भरण-पोषण के लिए जरूरी खर्च भी नहीं देते थे। पीड़िता के मुताबिक, दो नवंबर को वह बच्चों की स्कूल परीक्षा दिलाने के लिए ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान रात करीब आठ बजे पति, सास और ननद ने बड़ी भदोई निवासी अशोक यादव के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और जमीन-जायदाद बेचने की धमकी दी गई। इसके बाद उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। मारपीट में महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। एसओ मालीपुर तनुज कुमार पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।