Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पावरलूम चलाते समय करंट की चपेट में आने से बुनकर की मौत

पावरलूम चलाते समय करंट की चपेट में आने से बुनकर की मौत

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के नगपुर गांव के करीमपुर मोहल्ला निवासी एक बुनकर की पावरलूम चलाते समय विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को गांव के समीप स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

नगपुर के करीमपुर मोहल्ला निवासी अल्ताफ हुसैन (40) नगपुर के ही मुस्तफाबाद मोहल्ले में अपनी ससुराल सरवर इमाम के यहां पावरलूम चलाते थे। बुधवार को वह रोज की तरह पावरलूम चलाने के लिए पहुंचे। जैसे ही उन्होंने लूम चलाने के लिए हाथ लगाया, पहले से प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

आनन-फानन में ससुराल के लोग उन्हें इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतक अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को गांव के समीप छोटी दरगाह करीमपुर स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार यादव ने बताया कि किसी प्रकार की सूचना नहीं मिली है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version