◆ मुआवजा और खेत में तार लगाने वाले किसान की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस के आश्वासन पर खुला मार्ग
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के सैदपुर भियांव गांव निवासी युवक की सोमवार को विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। विभिन्न मांगों को लेकर उन्होंने जलालपुर-रफीगंज मार्ग पर कुटिया स्थान के पास शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक मार्ग बाधित रहने से आवागमन प्रभावित रहा।
जाम की सूचना पर कटका थानाध्यक्ष अक्षय पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन बहाल हो सका।
परिजनों की मांग थी कि खेत में विद्युत तार लगाने वाले किसान को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। कटका थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के साथ अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि सोमवार दोपहर सैदपुर भियांव गांव निवासी संतोष (पुत्र हरी निषाद) घर से रफीगंज बाजार जाने के लिए निकला था। रास्ते में एक खेत के पास से गुजरे विद्युत तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। जानकारी होने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बातचीत कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।