Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर स्थायी मछली मंडी की मांग, एसडीएम से मिले विक्रेता

स्थायी मछली मंडी की मांग, एसडीएम से मिले विक्रेता

0

जलालपुर, अंबेडकरनगर। स्थायी मछली मंडी की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल के नेतृत्व में मछली विक्रेताओं ने उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह से मुलाकात की। विक्रेताओं ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान कराए जाने की मांग की।
मछली विक्रेताओं ने बताया कि जलालपुर-बशखारी मार्ग के किनारे लंबे समय से मछली मंडी संचालित हो रही थी। इसी स्थान पर दुकानें लगाकर दर्जनों विक्रेता अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अचानक भू-स्वामियों द्वारा उक्त स्थान पर मछली मंडी लगाए जाने पर रोक लगा दिए जाने से विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विक्रेताओं के मुताबिक, दुकान लगाने के लिए उनके पास फिलहाल कोई वैकल्पिक स्थान भी नहीं है।
विक्रेताओं ने एसडीएम से मांग की कि स्थायी व्यवस्था होने तक किसी उपयुक्त सरकारी अथवा अन्य स्थान पर अस्थायी मछली मंडी संचालित करने की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उनका कारोबार प्रभावित न हो और परिवार का भरण-पोषण चलता रहे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने विक्रेताओं को स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित करते हुए उपयुक्त भूमि की तलाश करने को कहा, ताकि मछली विक्रेताओं के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जा सके।
इस दौरान मोनू, राजदेव समेत बड़ी संख्या में मछली विक्रेता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version