अयोध्या। सोमवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में अयोध्या में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिले की सीमा राम सनेही घाट से लेकर अयोध्या धाम के श्रृंगार हाट तक पूरा मार्ग भाजपा की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का सजीव उदाहरण बना रहा। सड़क के दोनों ओर लगे होर्डिंग, बैनर, भगवा ध्वज और पार्टी के झंडे वातावरण को पूरी तरह उत्सवमय बना रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के साथ हजारों वाहनों की लंबी कतारें चल रही थीं, वहीं निर्धारित 28 स्वागत स्थलों के अतिरिक्त दर्जनों स्थानों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। स्वागत के दौरान बटुक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन, शंखनाद तथा घंटा-घड़ियाल की गूंज से पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।

मार्ग में बनाए गए मंचों पर स्थानीय लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वागत कार्यक्रम को और भी रंगारंग बना दिया। कई स्थानों पर पुष्पों से ‘वंदे मातरम्’, ‘जय सियाराम’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संदेश उकेरे गए थे। इसके साथ ही दर्जनों तोरण द्वारों ने स्वागत की भव्यता को और बढ़ा दिया। कई स्थानों पर 51 किलो की माला व स्मति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रति पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार किया। कार्यकर्ताओं के जोश, अनुशासन और समर्पण ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह संगठित है।
रामसनेही घाट से श्रंगारहाट तक प्रदेश अध्यक्ष का ऐतिहासिक अभिनंदन
जिले की सीमा रामसनेही घाट पेट्रोल पंप पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचंदर यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह तथा जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का प्रथम स्वागत हुआ। इसके बाद महानगर सीमा में प्रवेश करते ही सहादतगंज ब्रिज के पास विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह की अगुवाई में अभिनंदन किया गया।





