◆ मुख्य आरोपी खुद को बताता था राजनीतिक रसूखदार व सरकारी अधिकारियों का खास
अयोध्या। नगर निगम के सोलर लाइट टेंडर में साझेदारी का झांसा देकर एक गैंग ने 47 लाख रुपये हड़प लिए। मुख्य आरोपी मोहम्मद आरिफ आब्दी ने खुद को राजनीतिक रसूखदार और बड़े अधिकारियों का खास बताकर पीड़ित को फर्जीवाड़े में फंसा लिया। मामले का खुलासा होने पर अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित देवनारायण तिवारी ने बताया कि उनके छोटे पुत्र अभिनव त्रिपाठी के परिचित सुभाष सिंह (निवासी गोंडा) और रिंकू मौर्या (निवासी गणेश कान्वेट स्कूल देवकाली) राठहवेली निवासी मोहम्मद आरिफ आब्दी को लेकर उनके पास आए। आरोपी आब्दी ने दावा किया कि नगर निगम में 13 करोड़ 65 लाख रुपये का सोलर लाइट का ठेका है, जिसमें उन्हें साझेदार बनाया जा सकता है। भरोसा दिलाने के लिए आब्दी ने कई राजनीतिक व्यक्तियों तथा अधिकारियों के साथ अपनी फोटो दिखलाई। आरोपी ने अपनी फर्म एवन ग्रीन सिटी का खाता बताया और उसमें अलग-अलग किश्तों में 42 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके अलावा 5 लाख 95 हजार रुपये गूगल पे और अन्य माध्यमों से ऐंठ लिए। टेंडर में सिक्योरिटी के नाम पर पीड़ित से चार ब्लैंक चेक भी ले लिए गए।
आरोप है कि रकम हड़पने के बाद आब्दी ने फर्जी मेल आईडी से कूट रचित वर्क ऑर्डर भेजा। जब पीड़ित ने दस्तावेज पर अधिकारियों के हस्ताक्षर न होने पर सवाल उठाया तो दूसरा फर्जी दस्तावेज भेजा गया, जिस पर हस्ताक्षर बना दिए गए थे। बार-बार काम दिखाने की मांग पर भी आरोपी टालमटोल करता रहा। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसने पीड़ित को संदेश भिजवाकर जान से मारने की धमकी दी।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि ठेके दिलवाने के नाम पर रूपये लिए गए हैं। मुख्य आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। अन्य दोनों आरोपी को जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाही की जाएगी।