अंबेडकरनगर । अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में अहिरौली पुलिस व स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने मोबाइल लुटेरा गैंग के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त काली रंग की बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहिरौली पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भगोला की तरफ से दो युवक संदिग्ध हालात में आ रहे हैं। घेराबंदी कर पकड़े गए युवकों की पहचान आंशिक सिंह निवासी धनेपुर थाना महरुआ उम्र 19 वर्ष और बीरु निवासी शहजादपुर थाना अकबरपुर उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई।
पूछताछ में आंशिक ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों शिवम धुरिया, गोविन्द, कट्टर उर्फ अवधेश व अभिषेक के साथ मिलकर हाल ही में टिकुलीगंज पुल और हरीपुर क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल व नकदी लूट चुका है। उसने यह भी बताया कि 26 अगस्त को अकबरपुर क्षेत्र के कुड़वा चितौना में भी मोबाइल छीना गया था। बरामद फोन को बीरु अपने परिचित दुकानों पर बेच देता था।
बरामदगी में आंशिक के पास से रेडमी 14सी मोबाइल व हीरो स्प्लेंडर बाइक और बीरु के पास से रेडमी नोट 11 प्रो मोबाइल मिला है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों के खिलाफ पूर्व से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी, उ0नि0 प्रभाकान्त तिवारी सहित स्वाट/सर्विलांस के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे