◆ डीआईजी जेल, जिलाधिकारी, एसएसपी मौके पर
अयोध्या। जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध लगने का मामला सामने आया है। जेल में निरुद्ध दो बंदी गुरुवार की सुबह फरार हो गए, जिससे जेल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे तक हड़कंप मच गया। फरार बंदियों में गोलू अग्रहरि निवासी अमेठी और शेर अली निवासी सुल्तानपुर शामिल हैं। डीआई जी एस के मैत्रेय, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डा गौरव ग्रोवर ने जेल पहुंच कर निरीक्षण किया है।

जानकारी के अनुसार गोलू अग्रहरि इनायतनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पाक्सो एक्ट के मामले में लगभग एक वर्ष से अधिक समय से जेल में बंद था, जबकि शेर अली चोरी के मामले में करीब एक साल से कारागार में निरुद्ध था। गुरुवार सुबह बंदियों की गिनती के दौरान दोनों के गायब होने की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों बंदियों ने बर्तन की मदद से खुदाई का औजार तैयार किया और जेल के पीछे की दीवार के पास खुदाई कर बाहर निकलने में सफल रहे। इसके बाद वे बाहरी बाउंड्री वॉल फांदकर फरार हो गए। घटना सामने आते ही जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



