◆ मुरावन टोला में दो साल की बच्ची को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, नौ लोग नामजद
अयोध्या । कैंट थाना क्षेत्र के मुरावन टोला में दो साल की बच्ची के गले में पतंग का मांझा फंसने की बात को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। बच्ची के परिजन शिकायत लेकर दूसरे पक्ष के घर पहुंचे तो दोनों ओर से कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
सहादतगंज के मुरावन टोला निवासी गौतम निषाद ने पुलिस को बताया कि उनकी दो वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले संजय का बेटा पतंग उड़ा रहा था। आरोप है कि पतंग का मांझा बच्ची के गले में उलझ गया, जिससे वह रोने लगी। गौतम के अनुसार, वह इस बारे में संजय और उसकी पत्नी माधुरी से बात करने पहुंचे तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि माधुरी ने अपनी मां और बहन को बुला लिया। इसके बाद गौतम और उनके भाइयों रामवचन व लालबचन के साथ मारपीट की गई।
वहीं, माधुरी निषाद ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि रामवचन, गौतम निषाद, मोहित निषाद और लालबचन ने उनकी मां, बहन, पति संजय तथा ससुर सुदामा निषाद के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद हमलावर धमकी देकर चले गए।
पुलिस ने गौतम की शिकायत पर संजय, माधुरी, सुधरा, पूजा और कामिनी को नामजद किया है। दूसरी ओर, माधुरी की तहरीर पर रामवचन, गौतम, मोहित और लालबचन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कैंट थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुके हैं और वे कई बार थाने आए हैं। इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमे दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि मांझे से बच्ची के गले में चोट लगने की जानकारी की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।