Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बैंक की लापरवाही से परेशान महिला ने मुख्यमंत्री से की शिकायत,18 महीने...

बैंक की लापरवाही से परेशान महिला ने मुख्यमंत्री से की शिकायत,18 महीने से जमा रुपया निकालने के लिए बैंक का चक्कर लगा रही है महिला

0
ayodhya samachar

आलापुर अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा की लापरवाही से परेशान एक खाताधारक महिला ने भुगतान न मिलने पर उच्च अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी है। करीब 18 महीने बीत जाने के बाद भी खाताधारक को आरडी खाते की राशि नहीं मिल सकी, जिससे महिला मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजमेरू निशा नामक महिला ने 14 फरवरी 2019 को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की जहांगीरगंज शाखा में आरडी खाता खोला था, जो फरवरी 2024 में परिपक्व हुआ। खाताधारक के अनुसार, आरडी की परिपक्व राशि 72,900 बैंक द्वारा उनके बचत खाते में ट्रांसफर तो कर दी गई, लेकिन उसके बावजूद बचत खाते से भुगतान नहीं हो रहा है। महिला का आरोप है कि वह पिछले 18 महीनों से लगातार बैंक के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार बैंककर्मी कोई न कोई तकनीकी बहाना बनाकर भुगतान टाल देते हैं। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि जिस मशीन से खाता खोला गया था, वह खराब है। जब महिला ने बैंककर्मियों से भुगतान की तत्काल आवश्यकता जताई, तो उनके साथ अभद्र भाषा में व्यवहार किया गया। शाखा प्रबंधक से शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं मिला, उल्टा उन्होंने भी रूखा व्यवहार करते हुए कहा कि बार-बार बैंक मत आया करो, मशीन सही होगी तो सूचना दे दी जाएगी।

बैंक की इस उदासीनता और असंवेदनशील रवैए से परेशान होकर अजमेरू निशा ने डाक के माध्यम से यूनियन बैंक के उच्चाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजा है। पत्रकार द्वारा जब इस मामले में शाखा प्रबंधक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ग्रामीणों ने इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को बैंकिंग व्यवस्था में भरोसा बना रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version