अयोध्या। त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू शनिवार को अपने परिवार के साथ श्रीराम नगरी अयोध्या पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इसके बाद वे रामलला के दरबार पहुंचे और पूरे परिवार सहित दर्शन-पूजन कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया।
राज्यपाल ने राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, राम मंदिर का दर्शन अत्यंत दिव्य और अद्भुत रहा। पिछली बार मैं अकेले आया था, लेकिन इस बार पूरे परिवार के साथ दर्शन का सौभाग्य मिला।
उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर अयोध्या का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। राम मंदिर बनने के बाद से देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आ रहे हैं। मंदिर में लगे स्वर्ण मंडित स्तंभों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह मंदिर भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक बनेगा।
राज्यपाल ने भरोसा जताया कि श्रीराम के आशीर्वाद से भारत तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर है और पूरा मंदिर बन जाने के बाद इसकी अलौकिक छवि पूरे विश्व को आकर्षित करेगी।