Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

0

◆ विधायक त्रिभुवनदत्त ने बहुजनों को सावधान रहने का किया आह्वान


आलापुर अंबेडकर नगर।  समाजवादी पार्टी कार्यालय रामनगर में शुक्रवार को सामाजिक परिवर्तन के महानायक मान्यवर कांशीराम के 19वें परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर विधायक त्रिभुवनदत्त रहे। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र यादव ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष रामप्यारे निषाद ने किया।

विधायक त्रिभुवनदत्त ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन आंदोलन के संस्थापक मान्यवर कांशीराम ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज बहुजन आंदोलन की दिशा को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे बहुजनों को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहनजी भाजपा के इशारे पर कार्य कर रही हैं, जो कांशीराम जी के मिशन के विपरीत है।

विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार समाज में वैमनस्य फैलाकर बहुजन समाज के अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और किसी बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे, जिसकी आहट से भाजपा और बसपा दोनों बौखलाई हुई हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा नेता राहुलदत्त यशवर्धन, रविंद्र यादव, मोहित राम, रामचंद्र वर्मा, एससी/एसटी आयोग की पूर्व सदस्य विद्या सिंह भारती, लालमणि गोंड, मनोज जायसवाल, मोहम्मद मोईन एडवोकेट सहित कई नेताओं ने कांशीराम जी को दलितों, अल्पसंख्यकों, गरीबों और मजदूरों का सच्चा शुभचिंतक बताते हुए उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान मान्यवर कांशीराम जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने समाज में समानता, न्याय और सामाजिक एकता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version