जलालपुर, अंबेडकर नगर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसपी विद्यापीठ, पख्खरपुर में शुक्रवार को एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शिक्षकों, अभिभावकों व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, वृक्ष हमारे जीवन की अमूल्य धरोहर हैं, जो हमें न केवल फल, फूल और लकड़ी प्रदान करते हैं, बल्कि शुद्ध प्राणवायु देकर हमारे अस्तित्व को भी सुरक्षित रखते हैं। वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विनीता राजू और डायरेक्टर निर्मला सिंह ने कहा कि आज वृक्षों की अंधाधुंध कटाई के कारण ही मानव और अन्य जीव-जंतुओं के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है। हमें स्वयं पेड़ लगाने चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने वृक्षों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावकगण और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत किया, बल्कि भावी पीढ़ी को प्रकृति के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने का भी कार्य किया।