आलापुर, अंबेडकर नगर। विकासखंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत सहाबुद्दीनपुर में जिला पंचायत से करीब दस वर्ष पहले बनी सड़क धंसने से बरसात में ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क पर घुटने तक जलभराव होने से लोगों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायतों के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क धंसने के कारण बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जिला पंचायत के अधीन है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।
ग्राम प्रधान श्रीमती लाली देवी के प्रतिनिधि टिंकू तिवारी ने बताया कि समस्या को लेकर आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जिला पंचायत में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि जिला पंचायत ग्राम पंचायत को एनओसी दे दे तो पंचायत अपने स्तर पर सड़क दुरुस्त कराने का प्रयास करेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत का बजट सीमित होने के कारण स्थायी समाधान संभव नहीं है। नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था के लिए भी पर्याप्त धनराशि की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग होने के बावजूद जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीण अंजनी तिवारी, दिनेश, पद्माकर, रमाशंकर, उग्रसेन, ऋतिक, आदित्य, आदर्श, राणा तिवारी, राधिका, पवन कुमार तिवारी और मयंक ने ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य तथा संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।