आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पदुमपुर गांव के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल सड़क किनारे तड़पते रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी मित्रसेन यादव ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार कराया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज ब्लॉक अंतर्गत मलहपुरवा गांव निवासी गोविंद और प्रियांशु बाइक से अतरौलिया से अपने घर लौट रहे थे। वहीं, जहांगीरगंज ब्लॉक के रायपुर गांव निवासी रामस्वरूप मजदूरी के लिए घर से निकले थे। पदुमपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन इसी बीच वहां से गुजर रहे समाजसेवी मित्रसेन यादव ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। समय पर मिली मदद से घायलों को तत्काल चिकित्सा उपलब्ध हो सकी।
समाजसेवी मित्रसेन यादव के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र के लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की समय पर सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है।