अंबेडकर नगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भारी वर्षा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए अंबेडकरनगर समेत प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन, राजस्व, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य एवं नगर निकाय विभागों को आपसी समन्वय के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
किसानों से भी अपील की गई है कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें। यदि बिजली कड़कने लगे तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित तहसील, थाना अथवा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।