अंबेडकरनगर। शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक दैहिक शोषण, मारपीट और धमकी देने के आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन रविवार की रात वह दूल्हा ही बारात लेकर नहीं पहुंचा। इसके चलते पुलिस की गिरफ्तारी की योजना धरी की धरी रह गई। कोतवाली पुलिस पूरी रात इंतजार करती रही, मगर आरोपी के न आने से कार्रवाई अधर में लटक गई।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। 22 वर्षीय पीड़िता ने तहरीर में बताया कि वर्ष 2022 में बेंगलुरु में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात अश्विनी कुमार निवासी नारायणपुर कला, थाना दोस्तपुर (सुल्तानपुर) से हुई थी। आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उससे संबंध बनाए और दोनों साथ रहने लगे। आरोप के मुताबिक अश्विनी पीड़िता की पूरी सैलरी भी खुद रखता था।
पीड़िता का आरोप है कि दो साल तक संबंध बनाए रखने के बाद अश्विनी का व्यवहार अचानक बदल गया। वह मारपीट, गाली-गलौज और जबरन दैहिक शोषण करने लगा। दीपावली पर घर आने के बाद उसे पता चला कि आरोपी की शादी 23 नवंबर 2025 को किसी अन्य युवती से तय कर दी गई है। यह जानकर वह स्तब्ध रह गई।
पीड़िता का कहना है कि अश्विनी के साथ बनाए संबंधों के चलते वह दो माह की गर्भवती भी है। उसने जब फोन कर शादी के बारे में पूछा, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। पीड़िता ने आरोपी की शादी रुकवाने, मेडिकल परीक्षण कराने और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
शिकायत पर पुलिस ने अश्विनी कुमार के विरुद्ध दैहिक शोषण, मारपीट, धोखाधड़ी व धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को आरोपी जलालपुर क्षेत्र में बारात लेकर आने वाला था, जहां पुलिस ने गिरफ्तारी की पूरी रणनीति बना ली थी, लेकिन दूल्हा बारात लेकर पहुंचा ही नहीं।
कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।