Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर यातायात माह का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया...

यातायात माह का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जागरूकता रैली

0

अम्बेडकर नगर। शनिवार को यातायात माह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से भव्य यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार, यातायात उप निरीक्षक, यातायात पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रैली के शुभारंभ से पूर्व पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए भी आवश्यक है। हेलमेट व सीट बेल्ट जीवन रक्षक कवच हैं, इन्हें आदत बनाना हर नागरिक का कर्तव्य है।

उन्होंने सभी से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट या सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तेज गति व स्टंट ड्राइविंग से बचें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, चौराहे पर दाएं-बाएं देखकर आगे बढ़ें, जेब्रा लाइन का उपयोग करें, तथा प्रेशर हार्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि इन नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय परिसर से यातायात जागरूकता बाइक रैली को रवाना किया। यह रैली तहसील तिराहा होते हुए शहजादपुर बाजार से गुजरकर यातायात कार्यालय में समाप्त हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और नियमों का पालन करने का संदेश दिया। रैली में शामिल वाहनों पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा, हेलमेट है तो सेफ है, और नशे में वाहन चलाना खतरे को बुलावा देना है जैसे नारे लिखे गए थे।

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात माह के दौरान पूरे जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्कूल-कॉलेज, बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर यातायात विभाग की ओर से नागरिकों को पम्पलेट वितरित किए गए और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। पुलिस का यह प्रयास न केवल नियमों के पालन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि जनसहयोग से सुरक्षित यातायात व्यवस्था की मजबूत नींव भी रखता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version