Saturday, November 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यारामपथ पर साकार हुई त्रेतायुग की छटा, ढोल-नगाड़ों की गूंज पर झूम...

रामपथ पर साकार हुई त्रेतायुग की छटा, ढोल-नगाड़ों की गूंज पर झूम उठी अवधपुरी


अयोध्या । रामपथ पर रामायण के प्रसंग जीवंत हो उठे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों की थिरकन और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच रथों पर सजी भव्य झांकियां आगे बढ़ीं तो रामनगरी का वातावरण भक्तिमय हो गया। कहीं प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दिव्य स्वरूप नजर आए तो कहीं गदा उठाए बजरंगबली का पराक्रम आकर्षण का केंद्र बना। रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियों के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की स्मृतियों से जोड़ दिया। दसवें दीपोत्सव के अवसर पर निकली शोभायात्रा में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।

शोभायात्रा में महिला कलाकारों ने कंधों पर ढोल रखकर पारंपरिक धुनों पर थाप दी। नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच कलाकारों के करतब और विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों ने रामपथ को सांस्कृतिक उत्सव के विराट मंच में बदल दिया। रामायण के प्रसंगों को साकार करती झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामपथ पर जुटे। प्रभु श्रीराम के स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा।


पर्यटन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी, तीन किलोमीटर का सफर तय कर रामकथा पार्क पहुंची शोभायात्रा


साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय कर शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इस बार शोभायात्रा में 21 भव्य झांकियां शामिल की गईं। इनमें 14 झांकियां योगी सरकार की उपलब्धियों और सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित रहीं।

रामायण के बालकांड में रामजन्म और बाल लीलाओं, अयोध्याकांड में वनगमन, अरण्यकांड में वनवास के प्रसंग, किष्किन्धाकांड में सुग्रीव और हनुमान से मिलन, सुंदरकांड में बजरंगबली के पराक्रम, लंकाकांड में रावण के साथ युद्ध तथा उत्तरकांड की कथा को आकर्षक दृश्य रूप में प्रस्तुत किया गया। एक के बाद एक आगे बढ़ती झांकियां रामायण की संपूर्ण गाथा का सजीव दर्शन करा रही थीं।


सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को भी मिला स्थान


शोभायात्रा में प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपने पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शोभायात्रा में विविध रंग भरे।


दीपोत्सव अब पूरे विश्व का पर्व बन चुका है : जयवीर सिंह


शोभायात्रा की भव्यता पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अलौकिक, दिव्य और भव्य है। शाम को होने वाला दीपोत्सव का कार्यक्रम भी अत्यंत भव्य होगा। सनातनियों के लिए इससे बड़ा गौरव का पर्व कोई नहीं हो सकता। हम हर वर्ष पिछले वर्ष का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हैं और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। दीपोत्सव अब केवल उत्तर प्रदेश का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन चुका है। सातों कांडों की झांकियां राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या का दर्शन करा रही हैं।


श्रद्धालुओं ने सराहा रामायण के प्रसंगों का सजीव मंचन



शोभायात्रा देखने पहुंचे उन्नाव के सुशील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या का दिव्य और भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है। दीपोत्सव और शोभायात्रा देखकर मन आनंदित हो गया। जौनपुर के राम कुमार ने रामायण की झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं बलरामपुर की सुशीला ने कहा कि रामकथा के सजीव मंचन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया।

शोभायात्रा के दौरान रामपथ पर मौजूद श्रद्धालु हर झांकी को अपलक निहारते रहे। प्रभु श्रीराम के स्वरूपों के दर्शन कर कई श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। किसी की आंखें श्रद्धा से नम थीं तो कोई हाथ जोड़कर रामनाम में लीन नजर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच रामपथ भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। रामायण के प्रसंगों ने अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए दीपोत्सव की भव्यता में एक नया रंग भर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments